Showing posts with label god. Show all posts
Showing posts with label god. Show all posts

Wednesday, 11 January 2017

अपने भक्तों के दिल की हर बात जानते हैं साईं बाबा, यह सच्ची घटना पढ़कर हर कोई करेगा इन्हें प्रणाम

शिरडी साईं बाबा के मंदिर में हर साल लाखों की तादाद में श्रद्धालु उनके दर्शन करने आते हैं। कहते हैं कि बाबा जितने बड़े भक्त थे, वे उतने ही विनम्र और सिद्ध महापुरुष भी थे। आज भी लोग उनसे जुड़ी बातों की चर्चा करते हैं जो उन्होंने अपने बुजुर्गों से सुनी हैं।

कहा जाता है कि साल 1910 में मुंबई के एक धनी व्यापारी का बेटा बीमार हो गया। उसका काफी इलाज कराने के बाद भी जब वह ठीक नहीं हुआ तो वह उसे साईं बाबा के पास ले गया। मन में यह उम्मीद थी कि शायद इससे कुछ सुधार हो जाए।

वह अपने परिवार के साथ शिरडी गया। वहां उसने साईं बाबा को प्रणाम किया और मन ही मन उनसे अपनी पीड़ा कही। बाबा ने भी उसके बेटे की ओर देखा तथा उसे आशीर्वाद दिया।

शाम को बालक की स्थिति में काफी सुधार हो गया था। यह देखकर वह परिवार पुनः साईं बाबा के पास गया और उनका आभार जताया। बाबा ने उनसे कहा, सिर्फ परमात्मा ही किसी को जीवन दे सकता है। मेरा क्या सामर्थ्य है?

उसके बाद बालक का स्वास्थ्य तेजी से सुधरा तथा प्रसन्न होकर एक दिन उस परिवार ने पुनः घर जाने का फैसला किया।

जाने से पहले उनकी इच्छा थी कि एक बार वे साईं बाबा के दर्शन जरूर करें। इसलिए वे उनके स्थान पर गए और उनका आशीर्वाद लेकर घर जाने की अनुमति मांगी। बाबा ने परिवार के मुखिया को तीन रुपए देते हुए कहा,  दो रुपए मैं तुम्हें पहले दे चुका हूं। इस बार ये तीन रुपए ले जाओ। इन्हें पूजा स्थान पर रख देना। ईश्वर का ध्यान करना, सदा अच्छे कर्म करना। तुम्हारा कल्याण होगा।


उस व्यक्ति ने बाबा को प्रणाम कर वे तीन रुपए ले लिए, लेकिन पूरे रास्ते वह इसी सवाल में उलझा रहा कि बाबा ने मुझे दो रुपए कब दिए थे? मैं तो आज पहली बार ही इनके दर्शन करने आया हूं। फिर वे मुझे दो रुपए कैसे दे सकते हैं?

इसी सवाल पर चिंतन करते हुए वह घर आ गया। उसने अपनी वृद्ध मां से पूरी बात कही। तब मां ने उसे बताया- बेटा, जब तू बहुत छोटा था तो एक बार बीमार हो गया था। तब तेरे पिता तुझे लेकर साईं बाबा के पास गए थे।

उस वक्त बाबा ने तुम्हारे सिर पर प्यार से हाथ फेरते हुए तुम्हें दो रुपए दिए थे। साईं बाबा सिर्फ सिद्धपुरुष ही नहीं, वे अपने भक्तों के साथ हृदय से जुड़े हुए हैं और इसीलिए वे उनके तन, मन और जीवन की सब बातें जानते हैं।

अपनी माता के मुख से यह बात सुनकर उस व्यक्ति के आश्चर्य की सीमा नहीं रही। उसे इस बात पर पूरा भरोसा हो गया था कि भक्त और भगवान का रिश्ता बहुत मजबूत होता है। भक्त माया के वशीभूत होकर भगवान को भूल सकता है लेकिन भगवान उसे कभी नहीं भूलते, विपत्ति में कभी साथ नहीं छोड़ते।

Tuesday, 10 January 2017

सिर्फ भोलेनाथ का पूजन ही शिवलिंग के रूप में क्यों किया जाता है, जानें कारण

शिवपुराण में कहा गया है कि साकार और निराकार दोनों ही रूप में शिव की पूजा कल्याणकारी होती है, लेकिन शिवलिंग की पूजा करना अधिक उत्तम है। साकार रूप में शिव हाथ में त्रिशूल, डमरू लिए और बाघ की छाल पहने नज़र आते हैं। जबकि महादेव के अतिरिक्त अन्य कोई भी देवता साक्षात् ब्रह्मस्वरूप नहीं हैं। संसार भगवान शिव के ब्रह्मस्वरूप को जान सके इसलिए ही भगवान शिव ज्योर्तिलिंग के रूप में प्रकट हुए और लिंग के रूप में इनकी पूजा होती है। माना जाता है कि शिवलिंग की पूजा करके जो भक्त शिव को प्रसन्न करना चाहते हैं, उन्हें सुबह से लेकर दोपहर से पहले ही इनकी पूजा कर लेनी चाहिए। इस दौरान शिवलिंग की पूजा विशेष फलदायी होती है।

शिवलिंग का महत्व
शिवलिंग जो कि भगवान शंकर का प्रतीक है। उनके निश्छल ज्ञान और तेज का यह प्रतिनिधित्व करता है। 'शिव' का अर्थ है - 'कल्याणकारी'। 'लिंग' का अर्थ है - 'सृजन'। सृजनहार के रूप में उत्पादक शक्ति के चिन्ह के रूप में लिंग की पूजा होती है। स्कंद पुराण में भी लिंग का अर्थ लय लगाया गया है। लय ( प्रलय) के समय अग्नि में सब भस्म हो कर शिवलिंग में समा जाता है और सृष्टि के आदि में लिंग से सब प्रकट होता है। लिंग के मूल में ब्रह्मा, मध्य में विष्णु और ऊपर प्रणवाख्य महादेव स्थित हैं।

पौराणिक कथा के अनुसार
दक्ष प्रजापति ने अपने यज्ञ में शिव जी का भाग नहीं रखा, जिससे गुस्से में आकर जगजननी सती दक्ष के यज्ञ मण्डप में योगाग्नि से जल कर भस्म हो गई। सती के शरीर त्याग की खबर मिलते ही ही भगवान शिव बहुत गुस्से में आ गए। वे नग्न हो कर पृथ्वी में भ्रमण करने लगे। एक दिन वह उसी अवस्था में ब्राह्मणों की बस्ती में पहुंच गए। शिव जी को उस अवस्था में देख कर वहां की स्त्रियां मोहित हो गई। यह देख कर ब्राह्मणों ने भगवान भोलेनाथ को शाप दे दिया कि उनका लिंग तत्काल शरीर से अलग हो कर भूमि पर गिर जाए। ब्राह्मणों के शाप के प्रभाव से शिव का लिंग उनके शरीर से अलग होकर गिर गया, जिससे तीनों लोकों में हाहाकार होने लगा। सभी देव, ऋषि, मुनि व्याकुल हो कर ब्रह्मा की शरण में गए।

ब्रह्मा ने योगबल से शिवलिंग के अलग होने का कारण जान लिया और वह समस्त देवताओं, ऋषियों और मुनियों को अपने साथ लेकर शिव जी के पास पहुंचे। ब्रह्मा ने शिव जी की स्तुति की और उन्हें प्रसन्न करते हुए उनसे लिंग धारण करने का निवेदन किया। तब भगवान शिव ने कहा कि आज से सभी लोग मेरे लिंग की पूजा प्रारम्भ कर दें तो मैं पुन: उसे धारण कर लूंगा। भगवान भोलेनाथ की बात सुनकर ब्रह्मा जी ने सर्वप्रथम स्वर्ण का शिवलिंग बना कर उसकी पूजा की। उसके बाद देवताओं, ऋषियों और मुनियों ने अनेक द्रव्यों के शिवलिंग बनाकर पूजन किया। तभी से शिवलिंग की पूजा आरम्भ हो गई।

ये भी है एक कथा
एक बार ब्रह्मा और विष्णु में श्रेष्ठता को लेकर विवाद होने लगा। दोनों निर्णय के लिए भगवान शिव के पास गए। विवाद का हल निकालने के लिए भगवान शिव साकार से निराकार रूप में प्रकट हुए। शिव का निराकार रूप अग्नि स्तंभ के रूप में नज़र आ रहा था ब्रह्मा और विष्णु दोनों इसके आदि और अंत का पता लगाने के लिए चल पड़े, लेकिन कई युग बीत गए इसके आदि अंत का पता नहीं लगा। जिस स्थान पर यह घटना हुई, आज वह अरूणाचल के नाम से जाना जाता है।