Showing posts with label hindu worship. Show all posts
Showing posts with label hindu worship. Show all posts

Tuesday, 10 January 2017

सिर्फ भोलेनाथ का पूजन ही शिवलिंग के रूप में क्यों किया जाता है, जानें कारण

शिवपुराण में कहा गया है कि साकार और निराकार दोनों ही रूप में शिव की पूजा कल्याणकारी होती है, लेकिन शिवलिंग की पूजा करना अधिक उत्तम है। साकार रूप में शिव हाथ में त्रिशूल, डमरू लिए और बाघ की छाल पहने नज़र आते हैं। जबकि महादेव के अतिरिक्त अन्य कोई भी देवता साक्षात् ब्रह्मस्वरूप नहीं हैं। संसार भगवान शिव के ब्रह्मस्वरूप को जान सके इसलिए ही भगवान शिव ज्योर्तिलिंग के रूप में प्रकट हुए और लिंग के रूप में इनकी पूजा होती है। माना जाता है कि शिवलिंग की पूजा करके जो भक्त शिव को प्रसन्न करना चाहते हैं, उन्हें सुबह से लेकर दोपहर से पहले ही इनकी पूजा कर लेनी चाहिए। इस दौरान शिवलिंग की पूजा विशेष फलदायी होती है।

शिवलिंग का महत्व
शिवलिंग जो कि भगवान शंकर का प्रतीक है। उनके निश्छल ज्ञान और तेज का यह प्रतिनिधित्व करता है। 'शिव' का अर्थ है - 'कल्याणकारी'। 'लिंग' का अर्थ है - 'सृजन'। सृजनहार के रूप में उत्पादक शक्ति के चिन्ह के रूप में लिंग की पूजा होती है। स्कंद पुराण में भी लिंग का अर्थ लय लगाया गया है। लय ( प्रलय) के समय अग्नि में सब भस्म हो कर शिवलिंग में समा जाता है और सृष्टि के आदि में लिंग से सब प्रकट होता है। लिंग के मूल में ब्रह्मा, मध्य में विष्णु और ऊपर प्रणवाख्य महादेव स्थित हैं।

पौराणिक कथा के अनुसार
दक्ष प्रजापति ने अपने यज्ञ में शिव जी का भाग नहीं रखा, जिससे गुस्से में आकर जगजननी सती दक्ष के यज्ञ मण्डप में योगाग्नि से जल कर भस्म हो गई। सती के शरीर त्याग की खबर मिलते ही ही भगवान शिव बहुत गुस्से में आ गए। वे नग्न हो कर पृथ्वी में भ्रमण करने लगे। एक दिन वह उसी अवस्था में ब्राह्मणों की बस्ती में पहुंच गए। शिव जी को उस अवस्था में देख कर वहां की स्त्रियां मोहित हो गई। यह देख कर ब्राह्मणों ने भगवान भोलेनाथ को शाप दे दिया कि उनका लिंग तत्काल शरीर से अलग हो कर भूमि पर गिर जाए। ब्राह्मणों के शाप के प्रभाव से शिव का लिंग उनके शरीर से अलग होकर गिर गया, जिससे तीनों लोकों में हाहाकार होने लगा। सभी देव, ऋषि, मुनि व्याकुल हो कर ब्रह्मा की शरण में गए।

ब्रह्मा ने योगबल से शिवलिंग के अलग होने का कारण जान लिया और वह समस्त देवताओं, ऋषियों और मुनियों को अपने साथ लेकर शिव जी के पास पहुंचे। ब्रह्मा ने शिव जी की स्तुति की और उन्हें प्रसन्न करते हुए उनसे लिंग धारण करने का निवेदन किया। तब भगवान शिव ने कहा कि आज से सभी लोग मेरे लिंग की पूजा प्रारम्भ कर दें तो मैं पुन: उसे धारण कर लूंगा। भगवान भोलेनाथ की बात सुनकर ब्रह्मा जी ने सर्वप्रथम स्वर्ण का शिवलिंग बना कर उसकी पूजा की। उसके बाद देवताओं, ऋषियों और मुनियों ने अनेक द्रव्यों के शिवलिंग बनाकर पूजन किया। तभी से शिवलिंग की पूजा आरम्भ हो गई।

ये भी है एक कथा
एक बार ब्रह्मा और विष्णु में श्रेष्ठता को लेकर विवाद होने लगा। दोनों निर्णय के लिए भगवान शिव के पास गए। विवाद का हल निकालने के लिए भगवान शिव साकार से निराकार रूप में प्रकट हुए। शिव का निराकार रूप अग्नि स्तंभ के रूप में नज़र आ रहा था ब्रह्मा और विष्णु दोनों इसके आदि और अंत का पता लगाने के लिए चल पड़े, लेकिन कई युग बीत गए इसके आदि अंत का पता नहीं लगा। जिस स्थान पर यह घटना हुई, आज वह अरूणाचल के नाम से जाना जाता है।

Tuesday, 27 December 2016

पूजा के दौरान कभी नहीं करनी चाहिए ये गलतियां, वर्ना नहीं मिलेगा भक्ति का फल

पूजन के कुछ नियम होते हैं जिनका हमें पालन करना चाहिए। अगर उनका पालन किया जाए तो प्रार्थना के शब्दों के साथ मन के भाव भी ईश्वर तक शीघ्र पहुंचते हैं। उनका फल भी जल्दी मिलता है। जानिए ऐसी ही कुछ बातें, जिनका ध्यान पूजन के दौरान रखना चाहिए।
  • तुलसी का पत्ता बिना स्नान किए नहीं तोड़ना चाहिए। शास्त्रों के मुताबिक, यदि कोई व्यक्ति बिना स्नान किए तुलसी के पत्ते तोड़ता है तो उसके द्वारा पूजन में प्रस्तुत किए गए पत्ते भगवान स्वीकार नहीं करते।
  • दूर्वा गणपति को विशेष प्रिय है लेकिन मां दुर्गा को दूर्वा नहीं चढ़ानी चाहिए। रविवार को दूर्वा नहीं तोड़नी चाहिए।
  • शिवलिंग का पूजन या अभिषेक करते समय ध्यान रखें कि उस पर केतकी का पुष्प न चढ़ाएं।
  • गंगाजल को तांबे के पात्र में संग्रहित करें तो बेहतर रहता है। प्लास्टिक, एल्यूमिनियम और लोहे के पात्र में गंगाजल नहीं रखना चाहिए।
  • हमेशा इस बात का खास ध्यान रखना चाहिए कि पूजन या उसके बाद दीपक से दीपक नहीं जलाना चाहिए। शास्त्रों में कहा गया है कि जो व्यक्ति दीपक से दीपक जलाता है, वह रोगी होता है। उसके भाग्योदय में बाधा आती है।
  • मंदिर के ऊपर भगवान के वस्त्र, धार्मिक किताबें, गहने आदि भी न रखें। मंदिर के द्वार के सामने पर्दा भी होना चाहिए। अपने स्वर्गीय परिजनों के चित्र मंदिर में देवताओं के साथ नहीं रखने चाहिए। ऐसे चित्र घर के नैऋत्य कोण में स्थापित करें तो उसका शुभ फल मिलता है।
  • सूर्य, गणेश, दुर्गा, शिव और विष्णु - को संक्षिप्त में पंचदेव भी कहा जाता है। धार्मिक गीतों और पूजन में इनकी वंदना आवश्यक है। जो व्यक्ति नित्य पंचदेवों का स्मरण करता है, वह अकाल मृत्यु, दरिद्रता, रोग और शोक से सुरक्षित रहता है।
  • आमतौर पर मंदिरों में शंख पुरुष ही बजाते हैं। शंख हमेशा पवित्र हाथों से ही स्पर्श करना चाहिए। रोगी, अपवित्र हाथों से या मनोरंजन के लिए शंख नहीं बजाना चाहिए। गर्भवती स्त्री और उदर रोग से पीड़ित व्यक्ति को कभी शंख नहीं बजाना चाहिए।
  • तुलसी के पत्ते 11 दिन तक बासी नहीं माने जाते। इन पर पवित्र जल छिड़क कर इन्हें भगवान को पूजन के दौरान अर्पित कर सकते हैं।
  • घर में लक्ष्मीजी की मूर्ति या चित्र लगाएं तो इस बात का ध्यान रखें कि ये अपने आसन पर बैठे हुए हों। आसन पर खड़ी लक्ष्मी के बजाय बैठी हुई लक्ष्मी शुभ मानी गई है।
  • गाय को सनातन संस्कृति में माता का दर्जा दिया गया है। कभी भी गाय को कष्ट नहीं देना चाहिए। जिस घर के द्वार पर गाय भोजन ग्रहण करने आती है, वह सौभाग्यशाली होता है। गाय को पीटने वाला, कटु वचन कहने वाला मनुष्य घोर पाप का भागी होता है। ऐसा काम कभी नहीं करना चाहिए।