Showing posts with label Tests. Show all posts
Showing posts with label Tests. Show all posts

Saturday, 7 January 2017

भारतीय कप्तान विराट कोहली ने किया धोनी को लेकर बड़ा चोंकाने वाला खुलासा


नई दिल्ली। विराट कोहली को शुक्रवार को औपचारिक रूप से टीम इंडिया के तीनों फॉर्मेट का कप्तान नियुक्त कर दिया गया। इससे पहले तक वह केवल टेस्ट टीम के ही कप्तान थे। हालांकि विराट कोहली कप्तानी मिलने के बाद भी महेंद्र सिंह धोनी के उनके करियर में योगदान को नहीं भूले हैं और ट्वीट के बाद अब एक इंटरव्यू में भी एमएस धोनी की जमकर प्रशंसा की है।
उन्होंने धोनी को कप्तान नहीं बल्कि अपना संरक्षक बताते हुए कहा कि मुश्किल दौर में धोनी ने कप्तान और सीनियर खिलाड़ी के रूप में उनका हमेशा साथ दिया। यहां तक कि खराब प्रदर्शन के बावजूद कई बार टीम से बाहर होने से भी उन्हें बचाया था।
महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में ही साल 2008 में श्रीलंका के खिलाफ करियर की शुरुआत करने वाले विराट कोहली पहले ही मैच में फेल हो गए थे और महज 12 रन पर आउट हो गए थे। अपने शुरुआती दिनों में विराट कोहली लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे थे, लेकिन एमएस धोनी ने उन पर पूरा भरोसा दिखाया और उनका स्थान सुरक्षित रखा।
बीसीसीआई।टीवी के अनुसार विराट कोहली ने कहा, ‘‘वह (धोनी) वो इंसान थे जो शुरू में मेरे मार्गदर्शक थे और जिन्होंने मुझे मौके दिए। उन्होंने मुझे एक क्रिकेटर के रूप में उभरने का पर्याप्त समय दिया और कई बार मुझे टीम से बाहर होने से बचाया।’’
भारत के नंबर एक बल्लेबाज ने साफ किया कि कप्तान के रूप में धोनी की जगह लेना आसान नहीं होगा। कोहली ने कहा, ‘‘निश्चित तौर पर उनकी जगह भरना आसान नहीं है। जब आप महेंद्र सिंह धोनी के बारे में सोचते हो तो दिमाग में पहला शब्द कप्तान आता है। आप महेंद्र सिंह धोनी को किसी अन्य तरह से नहीं जोड़ सकते। मेरे लिये वह हमेशा मेरे कप्तान रहेंगे। ’’
धोनी के बुधवार को सीमित ओवरों की कप्तानी छोड़ने के बाद चयन समिति ने कोहली को इन दोनों प्रारूपों का भी कप्तान नियुक्त किया था। वह पहले ही टेस्ट टीम के कप्तान थे। कोहली की अगुवाई में भारतीय टीम सबसे पहले इंग्लैंड के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज खेलनी है जिसका पहला मैच 15 जनवरी को खेला जाएगा।