Showing posts with label Aamir Khan. Show all posts
Showing posts with label Aamir Khan. Show all posts

Wednesday, 18 January 2017

आमिर खान के साथ 'हिंदोस्तान' को ठगेंगी करीना कपूर!

पिछले साल दिसंबर में तैमूर अली ख़ान के जन्म के बाद करीना कपूर 2017 की सबसे बड़ी ख़बर देने वाली हैं। बॉलीवुड में चर्चा गर्म है कि बेबो आमिर ख़ान के साथ एक बार फिर काम कर सकती हैं और ये फ़िल्म है 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान'।
विजय कृष्ण आचार्य के निर्देशन में बन रही इस फ़िल्म की लीड स्टार कास्ट में आमिर ख़ान और अमिताभ बच्चन हैं। लेकिन अभी लीडिंग लेडी फ़ाइनल नहीं हुई है। ख़बरों में कई नाम तैर रहे हैं, मगर अब कहा जा रहा है कि करीना इस रोल को पाने के बेहद क़रीब हैं। सूत्र बताते हैं कि करीना से ज़ोर-शोर से बात चल रही है और उन्हें इस प्रोजेक्ट में शामिल करने के लिए पूरी कोशिश की जा रही है। 'ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान' पीरियड फ़िल्म है, जिसमें आमिर के साथ पहली बार अमिताभ बच्चन स्क्रीन स्पेस शेयर कर रहे हैं।
अगर करीना इस फ़िल्म के लिए हां बोल देती हैं तो आमिर के साथ उनकी ये तीसरी फ़िल्म होगी। करीना और आमिर पहली बार '3 ईडियट्स' में साथ आए थे। इसके बाद दोनों 'तलाश' में भी साथ दिखाई दिए। हालांकि उस फ़िल्म में करीना आमिर की लीडिंग लेडी नहीं थीं।
वहीं 'ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान' के डायरेक्टर विजय कृष्ण आचार्य के साथ करीना 'टशन' में काम कर चुकी हैं। इस फ़िल्म के लिए बेबो ने साइज़ ज़ीरो बनाकर सनसनी मचा दी थी। करीना फरवरी में एक फ़ैशन शो में शो-स्टॉपर बनकर काम पर लौट रही हैं। उनके पास फिलहाल 'वीरे दी वेडिंग' है, जिसमें करीना सोनम कपूर के साथ लीड रोल में नज़र आएंगी।
फ़िल्म के लिए आमिर ख़ान ने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। 'दंगल' की शूटिंग ख़त्म होने के साथ ही आमिर ने इस फ़िल्म के लिए लुक टेस्ट शुरू कर दिए थे। एक लुक 'दंगल' की प्रमोशनल इवेंट्स में भी दिखाई दिया था।

Saturday, 24 December 2016

'दंगल' को लेकर जब मुश्किल में पड़े आमिर तो सलमान ने ऐसे की थी मदद

मुंबई.आमिर खान स्टारर फिल्म 'दंगल' रिलीज हो गई है। लेकिन कम ही लोग जानते होंगे कि अगर सलमान खान उनकी मदद नहीं करते तो शायद यह फिल्म नहीं बन पाती या फिर किसी और नाम से रिलीज होती। अगर आप फिल्म देखेंगे तो सबसे पहले सलमान के दोस्त पुनीत इस्सर को शुक्रिया अदा करते हुए क्रेडिट दिया गया है। हालांकि, फिल्म में कहीं भी उनका रोल नहीं है। तब सवाल यही पैदा होता है कि पुनीत की फिल्म में क्या भूमिका रही है? आइए जानते हैं इसके पीछे की कहानी...
कुछ महीने पहले आमिर खान ने मीडिया को बताया था की पुनीत इस्सर ने ही उन्हें 'दंगल' वाला टाइटल दिया था। बता दें कि प्रोडक्शन हाउस फिल्मों के टाइटल एडवांस में रजिस्टर्ड करा लेते हैं। ताकि लास्ट मोमेंट में दिक्कत न आए। जब आमिर ने महावीर फोगाट की बायोपिक को 'दंगल' नाम देने का फैसला लिया तो पाया कि यह तो पुनीत पहले ही रजिस्टर्ड करा चुके हैं। चूंकि, पुनीत सलमान के बहुत अच्छे दोस्त हैं। ऐसे में आमिर ने सलमान को अप्रोच किया और पुनीत से 'दंगल' टाइटल दिलाने की मांग की।
सलमान ने एक बार कहा और पुनीत ने दे दिया टाइटल
आमिर की रिक्वेस्ट के बाद सलमान ने पुनीत को फोन किया और उन्होंने टाइटल आमिर को दे दिया। पुनीत ने बताया, "मेरे पास सलमान का फोन आया। उन्होंने कहा- 'पुन्स, आमिर एक फिल्म बना रहा है और उसे 'दंगल' टाइटल चाहिए, जो तुम्हारे पास रजिस्टर है।' उन दिनों आमिर मुंबई से बाहर थे। जब वे वापस आए तो उन्होंने मुझे फोन किया। हमारी मुलाकात हुई और मैंने बिना कुछ सोचे-समझे उन्हें यह टाइटल दे दिया। उसके बाद मैंने कभी भी आमिर को फोन नहीं किया। हालांकि उन्होंने मुझे पूरी स्क्रिप्ट भी सुनाई थी। जब उन्हें यह टाइटल मिल गया तो वो काफी इमोशनल हो गए थे।"