Showing posts with label songs. Show all posts
Showing posts with label songs. Show all posts

Tuesday, 21 March 2017

छलका करन का दर्द, बोले- मैं मंडप में था और मेरा प्यार किसी और के साथ...


फिल्ममेकर करन जौहर भी प्यार में नाकाम साबित हुए हैं। उन्होंने अपने इस दर्द को अपनी फिल्मों के जरिए बयां किया है। एक बातचीत में करन ने बताया कि किस तरह उन्हें "हैप्पी मैरिज' करने वाले कपल से जलन होने लगी थी।

करन ने कहा, "लोग मुझसे कहते हैं कि हिन्दी फिल्में थिएटरिकल और ड्रेमेटिक होती हैं। लेकिन ये कहीं न कहीं रियल लाइफ से भी जुड़ी होती हैं। मैं उस शादी के मंडप में बैठा था, जहां मेरा प्यार किसी और से शादी कर रहा था। जब यह सब होता है तो आप सोचने लगते हो कि आप इससे जीवन में कभी नहीं उबर सकते।'

सच्चा प्यार अब दूर की बात...
'कुछ-कुछ होता है', 'कभी अलविदा न कहना' और 'ऐ दिल है मुश्किल' जैसी लव स्टोरी बेस्ड फिल्में बना चुके करन का कहना है कि उनकी फिल्मों में उनकी रियल लाइफ भी दिखती है।

करन आगे कहते हैं कि इंडस्ट्री में होने वाली 'हैप्पी मैरिज' मेरे लिए आहत करने वाली होती थी। मैं उससे कहता था, ‘तुम एक डायनासोर हो, यहां से चले जाओ।’

जब करन से पूछा गया कि क्या वे गरीब रहकर सच्चा प्यार पाना पसंद करेंगे या फिर अमीर होकर सिंगल रहना? करन ने जवाब में कहा, "सच्चा प्यार अब दूर की बात हो गई है, सिर्फ लालसा रह जाती है। इसलिए मैं अमीर बनकर सिंगल रहना पसंद करूंगा।’

जब मैंने पहली बार बच्चों को देखा तो आंसू आ गए...
करन हाल ही में सरोगेसी के जरिए पिता बने हैं। उन्होंने अपने जुड़वां बच्चों के बारे में कहा, ‘जब मैंने अपने बच्चों को पहली बार देखा था तो मुझे पता ही नहीं चला कि कब मेरी आंखों में आंसू आ गए। यह एक अजीब सा सुखद अहसास था। इससे पहले मैंने इसे शायद ही कभी महसूस किया हो।’

वंश आगे बढ़ाने के लिए पिता नहीं बना...
करन ने कहा, ‘मैं अपने वंश को आगे बढ़ाने के लिए पिता नहीं बना हूं। मैं अपने प्यार को बांटना चाहता हूं। मेरे अंदर बहुत अकेलापन था, इसलिए मैंने यह फैसला लिया। अपने माता-पिता की तरह मैं भी अपने बच्चों की हेल्प करना चाहता हूं। मैं अपने बच्चों के लिए पिता से ज्यादा मां का रोल निभाऊंगा।’

काम को एम्बीशन बनाएं न कि लव लाइफ को...
करन ने अपनी फिल्मों में नाकाम प्यार से उबरते हुए प्रेमी दिखाए हैं। जब उनसे पूछा गया कि वे इस बारे में क्या सलाह देंगे? इसके जवाब में उन्होंने कहा, "अपने काम को अपना एम्बीशन बना लें, न कि अपनी लव लाइफ को बनाएं।'

Sunday, 12 February 2017

अक्षय कुमार के लिए बुरी खबर...


अक्षय कुमार की मूवी ‘जॉली एलएलबी 2’ इस शुक्रवार को भारत में रिलीज हुई। फिल्म ने पहले ही दिन करोड़ों का कारोबार किया है। लेकिन बुरी खबर ये है कि पाकिस्तान में ये फिल्म बैन हो गई है। दरअसल, फिल्म में कश्मीर मुद्दे को लेकर कुछ आपत्तिजनक सीन हैं जिन्हें हटाने की मांग की गई।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म से ये सीन नहीं हटाए गए इसलिए इसे पाकिस्तान में बैन कर दिया गया है। अक्षय फिल्म में एक वकील के रोल में हैं जो अपने पेशे को लेकर गंभीर नहीं हैं। लेकिन एक बेकसूर इंसान की जिन्दगी उनके लिए सबक बन जाती हैं, जिसे मरने के बाद कश्मीरी मिलिटेंट कहा जाता है।
इस फिल्म में दिखाए गए कुछ सीन्स को पाकिस्तान सेंसर बोर्ड ने आपतिजनक बताया है। बता दें कि पिछले दिनों शाहरुख खान ‌की फिल्‍म 'रईस' को भी पाकिस्तान में बैन कर दिया गया था।
फिल्म को मुस्लिम विरोधी दिखाए जाने के कारण बैन का सामना करना पड़ा थ्‍ाा। पाकिस्तान के एक थिएटर मालिक का कहना है ‌क‌ि भारत की फिल्में पाकिस्तान में बैन होना बहुत ही घाटे का सौदा है।

Sunday, 5 February 2017

‘बाहुबली 2’ ने रिलीज से पहले ही कर दिया बड़ा धमाका



बाहुबली’ का धमाका अभी भी कोई नहीं भूला है. साउथ की इस फिल्म ने 600 करोड़ की कमाई कर बॉक्स ऑफिस के रिकॉर्ड तोड़ दिए थे. वहीं फिल्म की हिंदी डबिंग ने केवल 120 करोड़ कमाए थे. इस फिल्म की दूसरे हिस्से का फैंस को लंबे समय से इंतजार है. फिल्म का ट्रेलर फिलहाल नहीं आया है, लेकिन दो पोस्टर जारी हुए हैं, जिन्हें देखकर ये अंदाजा लगाया जा सकता है कि ये फिल्म कितना धमाका करने वाली है

रिलीज से पहले 500 करोड़
‘बाहुबली 2’ 28 अप्रैल 2017 को रिलीज हो रही है. इससे पहले ही फिल्म ने 500 करोड़ कमा लिए हैं. जी हां, ये बात आपको हैरान कर सकती है, लेकिन ये खबर बिल्कुल सच है.
दरअसल, बाहुबली के थियेटर राइट्स बहुत ही ऊंचे दामों पर खरीदे गए हैं, जिस वजह से फिल्म ने इतनी भारी कमाई रिलीज से पहले ही कर ली है

130 करोड़ में बिके तेलुगु वर्जन के राइट्स
फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े सोशल मीडिया स्ट्रेटेजिस्ट रमेश बाला द्वारा दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, बॉलीवुड के पॉपुलर फिल्ममेकर करण जौहर का धर्मा प्रोडक्शन इसके हिंदी वर्जन को प्रोड्यूस कर रहा है. हिंदी वर्जन 120 करोड़, तमिल वर्जन के 47 करोड़, कर्नाटका राइट्स 45 करोड़ और केरला राइट्स 10 करोड़ रुपए में बेचे गए हैं. वहीं इसके तेलुगु वर्जन के राइट्स को 130 करोड़ रुपए में बेचा गया है

सैटेलाइट राइट्स से हुई इतनी कमाई
इसके अलावा फिल्म ने सैटेलाइट राइट्स से भी तगड़ी कमाई की है. इसके हिंदी वर्जन के राइट्स 51 करोड़, जबकि ऑरिजिनल तेलुगु वर्जन के 26 करोड़ रुपए में बेचे गए हैं. वहीं इंटरनेशनल मार्केट की बात करें, तो रिलीज से पहले ही फिल्म ने नार्थ अमेरिकन राइट्स से 45 करोड़ की कमाई कर ली है. हालांकि, यूएस डिस्ट्रिब्यूशन राइट्स के आंकड़ों का खुलासा नहीं हुआ है

रिलीज से पहले ही सुपरहिट
अगर पूरे राइट्स को जोड़ दिया जाए, तो फिल्म अपने रिलीज से पहले ही सुपरहिट हो चुकी है और करीब 500 करोड़ कमा चुकी है. अब देखना ये होगा कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर रिलीज के बाद कितना धमाका करती है. ‘बाहुबली: द कन्क्लूजन’ फिल्म की शूटिंग करीब साढ़े तीन साल तक चली थी

Thursday, 2 February 2017

पाकिस्तान में ‘काबिल’ की रिलीज पर राकेश रोशन ने कह दी ये बड़ी बात...!!



मुंबई: बॉलीवुड फिल्म निर्माता राकेश रोशन की ‘काबिल’ बुधवार रात पाकिस्तान में रिलीज की गई. राकेश का कहना है कि पाकिस्तान ने भारतीय फिल्मों के लिए अपने दरवाजे दोबारा खोल दिए हैं, इसलिए भारतीयों को भी इस दिशा में आगे बढ़ना चाहिए

पिछले साल 18 सितंबर को उरी हमले और उसके बाद की घटनाओं ने भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय संबंधों में काफी तनाव पैदा कर दिया, जिससे दोनों ओर का मनोरंजन उद्योग भी प्रभावित हुआ था

‘काबिल’ के सीमा पार रिलीज होने से राकेश रोशन को कुछ उम्मीद जगती दिखी है. राकेश ने बताया, “मैं यह कहना चाहता हूं कि अगर पाकिस्तान ने अपने दरवाजे खोल दिए हैं तो हमें भी आगे बढ़ना चाहिए”

उन्होंने कहा, “यह फिल्म पाकिस्तान के कराची में रिलीज की गई. इसका बुधवार रात 11 बजे का पहला शो हाउसफुल रहा. आज (गुरुवार को) फिल्म पूरे कराची, रावलपिंडी और हैदराबाद (सिंध) में दोपहर तीन, शाम छह और नौ बजे के शो पर रिलीज की गई है. शुक्रवार को फिल्म पूरे पाकिस्तान में रिलीज की जाएगी”

उन्होंने बताया कि पाकिस्तान में ‘काबिल’ को बुधवार रात नौ बजे सेंसर प्रमाण पत्र मिला था

फिल्म में मुख्य भूमिका राकेश रोशन के बेटे रितिक रोशन ने निभाई है. रितिक ने फिल्म के पाकिस्तान में रिलीज होने पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि फिल्म को भारत की ही तरह पाकिस्तान में भी पसंद किया जाएगा

Wednesday, 18 January 2017

आमिर खान के साथ 'हिंदोस्तान' को ठगेंगी करीना कपूर!

पिछले साल दिसंबर में तैमूर अली ख़ान के जन्म के बाद करीना कपूर 2017 की सबसे बड़ी ख़बर देने वाली हैं। बॉलीवुड में चर्चा गर्म है कि बेबो आमिर ख़ान के साथ एक बार फिर काम कर सकती हैं और ये फ़िल्म है 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान'।
विजय कृष्ण आचार्य के निर्देशन में बन रही इस फ़िल्म की लीड स्टार कास्ट में आमिर ख़ान और अमिताभ बच्चन हैं। लेकिन अभी लीडिंग लेडी फ़ाइनल नहीं हुई है। ख़बरों में कई नाम तैर रहे हैं, मगर अब कहा जा रहा है कि करीना इस रोल को पाने के बेहद क़रीब हैं। सूत्र बताते हैं कि करीना से ज़ोर-शोर से बात चल रही है और उन्हें इस प्रोजेक्ट में शामिल करने के लिए पूरी कोशिश की जा रही है। 'ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान' पीरियड फ़िल्म है, जिसमें आमिर के साथ पहली बार अमिताभ बच्चन स्क्रीन स्पेस शेयर कर रहे हैं।
अगर करीना इस फ़िल्म के लिए हां बोल देती हैं तो आमिर के साथ उनकी ये तीसरी फ़िल्म होगी। करीना और आमिर पहली बार '3 ईडियट्स' में साथ आए थे। इसके बाद दोनों 'तलाश' में भी साथ दिखाई दिए। हालांकि उस फ़िल्म में करीना आमिर की लीडिंग लेडी नहीं थीं।
वहीं 'ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान' के डायरेक्टर विजय कृष्ण आचार्य के साथ करीना 'टशन' में काम कर चुकी हैं। इस फ़िल्म के लिए बेबो ने साइज़ ज़ीरो बनाकर सनसनी मचा दी थी। करीना फरवरी में एक फ़ैशन शो में शो-स्टॉपर बनकर काम पर लौट रही हैं। उनके पास फिलहाल 'वीरे दी वेडिंग' है, जिसमें करीना सोनम कपूर के साथ लीड रोल में नज़र आएंगी।
फ़िल्म के लिए आमिर ख़ान ने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। 'दंगल' की शूटिंग ख़त्म होने के साथ ही आमिर ने इस फ़िल्म के लिए लुक टेस्ट शुरू कर दिए थे। एक लुक 'दंगल' की प्रमोशनल इवेंट्स में भी दिखाई दिया था।

Thursday, 5 January 2017

अभिनेता ओम पुरी का निधन, पोस्टमार्टम के बाद 3 बजे उनके घर पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा पार्थिव शरीर

नई दिल्ली: दिग्गज अभिनेता ओम पुरी नहीं रहे. शुक्रवार सुबह अपने घर में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया. वह 66 साल के थे. उनके परिवार से जुड़े सूत्रों ने कहा, ‘आज सुबह दिल का तेज दौरा पड़ने से उनका उपनगरीय अंधेरी स्थित अपने घर पर निधन हो गया. यह बहुत बड़ा सदमा है.’
अभिनेत्री शबाना आज़मी ने ट्वीट करके बताया है कि ओम पुरी के पार्थिव शरीर को मुंबई के कूपर हॉस्पिटल पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है. इसके बाद तीन बजे उनके शरीर को उनके घर ‘त्रिशूल’ पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा. इसके बाद आज शाम 6 बजे मुंबई के ओशिवारा में ओम पुरी का अंतिम संस्कार किया जाएगा.
बॉलीवुड से हॉलीवुड तक, फीचर फिल्मों से लेकर गंभीर कलात्मक फिल्मों में कई बेहतरीन किरदार निभाने वाले मशहूर अभिनेता अपनी बहुमुखी अदाकारी के लिए पहचाने जाते थे. अभिनेता ने भारत, पाकिस्तान, ब्रिटेन और हॉलीवुड की अनेक फिल्मों में काम किया. ओमपुरी को 1990 में देश के चौथे सबसे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्म श्री’ से सम्मानित किया गया था.
ओम पुरी ने कई व्यावसायिक फिल्मों में भी काम किया. वह हाल तक फिल्मों में सक्रिय रहे. ओम पुरी हिन्दी सिने जगत के साथ-साथ कई हॉलीवुड फिल्मों का भी हिस्सा रहे. उनकी गिनती समानांतर सिनेमा के प्रमुख कलाकारों में की जाती है.  कई फिल्मी पुरस्कार हासिल कर चुके ओमपुरी को ‘आरोहण’ और ‘अर्ध सत्य’ के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुका है. ओम पुरी को पद्म श्री से भी नवाजा जा चुका है. उन्होंने ‘ईस्ट इज ईस्ट’ और ‘सिटी ऑफ जॉय’ जैसी अंग्रेजी फिल्में भी कीं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओमपुरी के निधन पर शोक व्यक्त किया है और साथ ही थिएटर एवं फिल्मों में उनके लंबे योगदान को याद किया. अक्षय कुमार, करन जौहर, अनुपम खेर, जावेद अख्तर और महेश भट्ट सहित कई बॉलीवुड हस्तियों ने ओमपुरी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति बताया.
हरियाणा के अंबाला में एक पंजाबी परिवार में जन्मे पुरी, पुणे के भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान से स्नातक थे. वर्ष 1973 में वह राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के छात्र भी रहे जहां अभिनेता नसीरूद्दीन शाह उनके सह-छात्र थे. ओमपुरी ने वर्ष 1976 में मराठी फिल्म ‘घासीराम कोतवाल’ के साथ फिल्म जगत में अपना पहला कदम रखा.

‘अर्ध सत्य’, ‘मिर्च मसाला’, ‘धारावी’, आक्रोश’, ‘माचिस’, ‘गुप्त’, ‘धूप’, ‘युवा’, ‘डॉन’ ‘अग्निपथ’, ‘बजरंगी भाईजान’ उनकी मशहूर फिल्मों में शुमार हैं.
‘माई सन द फैनेटिक’, ‘ईस्ट इज ईस्ट’, ‘द पैरोल ऑफिसर’ जैसी ब्रिटिश फिल्मों ने उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रियता दिलाई. ‘सिटी ऑफ जॉय’, ‘वुल्फ’, ‘द घोस्ट एंड द डार्कनेस’ जैसी हॉलीवुड फिल्मों में भी उन्होंने अपने अभिनय का जौहर दिखाया.